Bokaro News : साइबर ठगी के शिकार लोगों के लिए राहत की खबर है. पुलिस ने साइबर फ्रॉड के मामलों में करीब 40 पीड़ितों के रुपये रिकवर किए हैं. उन्हें रुपए लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. हालांकि बारिश के कारण बुधवार को सिर्फ छह पीड़ित ही साइबर थाना पहुंच सके. मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि इन छह लोगों को करीब 1.10 लाख रुपये वापस किए गए.
इसे भी पढ़ें
डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने करीब 150 लोगों के लगभग 23 लाख रुपये दूसरों के खाते में होल्ड किए हैं. संबंधित बैंकों से संपर्क कर इस रकम को पीड़ितों के खातों में वापस कराने की प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर बिना देर किए 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करें. समय पर शिकायत मिलने से जिस खाते में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई है, उसे होल्ड कराने की संभावना बढ़ जाती है.
डीएसपी ने बताया कि केंद्र सरकार के मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल के माध्यम से भी ठगी की रकम को वापस कराने में पुलिस को काफी मदद मिल रही है. रुपये वापस मिलने पर पीड़ितों ने साइबर पुलिस की कार्रवाई की सराहना की और पुलिस टीम का आभार जताया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

