- जांच में जुटी पुलिस
Bokaro News : जिले के जरीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जैनामोड़ स्थित एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई. स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को अगलगी की जानकारी दी. सूचना पाकर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
घटना की सूचना मिलने पर जरीडीह थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोदाम में अवैध रूप से पेट्रोल और डीजल का भंडारण किए जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, अब तक गोदाम के मालिक की पहचान नहीं हो सकी है.
पुलिस गोदाम के मालिक का पता लगाने के साथ-साथ वहां पेट्रोल-डीजल के भंडारण से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. इस घटना के बाद जैनामोड़ इलाके में अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल के भंडारण को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं. अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि गोदाम में वास्तव में पेट्रोल-डीजल का अवैध भंडारण किया जा रहा था या नहीं.

