Bokaro : बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के गोविंदपुर बस्ती निवासी लपता परशुराम महतो करीब 20 साल बाद घर लौटे. वह रोजगार की तलाश में मुंबई जाने के लिए घर से निकले थे और उसके बाद से लापता हो गए थे. लंबे इंतजार के बाद उन्हें देखकर परिवार की खुशियों का ठिकाना नहीं रहा.
लोगों ने गाजे-बाजे के साथ उनका स्वागत किया. वर्षों से पति की राह देख रही पत्नी की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े. पति ने ग्रामीण महिलाओं की मौजूदगी में पत्नी की मांग में सिंदूर भरा. पति-पत्नी का यह मिलन देखकर वहां मौजूद लोगों की भी आंखें नम हो गईं.
ग्रामीणों ने बताया कि परशुराम महतो पिछले करीब एक वर्ष से राजस्थान के भरतपुर जिला स्थित एक आश्रम में रह रहे थे. बोकारो थर्मल थाना प्रभारी के माध्यम से उनके परिजनों को इसकी सूचना मिली. सूचना मिलते ही परिवार के लोग राजस्थान पहुंचे और उन्हें सकुशल वापस घर लेकर आए. करीब दो दशक बाद परिवार से उनका मिलन किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था. परिजनों और ग्रामीणों ने बोकारो थर्मल थाना प्रभारी व पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया.

