Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Bokaro News: DPS में 11वीं के नवनामांकित विद्यार्थियों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

Bokaro : जिले के उपायुक्त अजय नाथ झा ने मंगलवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल बोकारो में 11वीं कक्षा के नव-नामांकित विद्यार्थियों के उन्मुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आपका ज्ञान और आपकी शिक्षा तभी सार्थक है जब यह लोकहित में काम आए. विद्यार्थी स्वयं पर भरोसा रखते हुए अपनी पढ़ाई पर फोकस करें और अपने ज्ञान का सदुपयोग लोकहित, समाजहित और राष्ट्रहित में करें. 10वीं कक्षा के बाद यही वह समय है. जहां से उन्हें लंबी छलांग लेनी है. ऐसे में अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखते हुए केवल अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहें.

कक्षा 10वीं तक की पढ़ाई आपके लिए ताउम्र काम आएगी. उन्होंने NCERT पुस्तकों की भूमिका भी इस दिशा में महत्वपूर्ण बताई.आज की नौजवान पीढ़ी को नशापान से बचने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि यह ऐसा कदम है. जो आपके पूरे जीवन को बर्बाद कर सकता है.  कभी-कभी उत्साह दुस्साहस में बदल जाता है. ऐसे में अपना निर्णय और उद्देश्य मजबूत रखें.

 


उन्होंने विद्यार्थियों को कहा - हमारा समय कंप्यूटर से AI तक आया और आपका जमाना AI से शुरू हो रहा है. समय के साथ चलें. मूल्यों को बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और परिश्रम से पढ़ाई पर ध्यान दें. मोबाइल के संतुलित इस्तेमाल  करे. बेटियों को प्रोत्साहित करते हुए उपायुक्त श्री झा ने कहा कि महिलाएं सदैव इतिहास बदलने का हिस्सा रही हैं. इसलिए बेटियां अपने-आप को भी बिखरने न दें  और  इतिहास बदलने के लक्ष्य से आगे बढ़ें.

 

उन्होंने डीपीएस बोकारो के छात्र आदित्य मिश्रा के 12वीं बोर्ड में नेशनल टॉपर बनने पर बधाई दी. कार्यक्रम में उपस्थित जिले के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने पढ़ाई के मामले में डीपीएस बोकारो के गौरवपूर्ण प्रदर्शन की चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को अपना लक्ष्य स्वयं तय करने व इसके लिए निरंतरता बरकरार रखना की प्रेरणा दी, कहा कि सफलता आपके पास खुद चलकर नहीं आएगी. बल्कि मेहनत के रास्ते आपको सफलता तक पहुंचना है. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हर बच्चा खास है. सभी में अपनी विशिष्ट प्रतिभा है. कोई अपने-आप को नजरअंदाज न करें.

 


एसपी श्री मीणा ने इस दौरान विद्यार्थियों को पोक्सो एक्ट, साइबर सुरक्षा, मोबाइल के सतर्कतापूर्ण व संतुलित उपयोग और ट्रैफिक नियमों के अनुपालन से संबंधित बातें भी बताईं. इस अवसर पर साइकोग्राफिक सोसाइटी, रांची के संस्थापक व निदेशक जैसे जाने-माने काउंसलर विकास कुमार ने विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न आयामों से अवगत कराया. उन्होंने IIT-JEE, NEET के साथ-साथ मेडिकल, इंजीनियरिंग व वित्त के क्षेत्र से संबंधित विभिन्न परीक्षाओं, उनके कट-ऑफ, अहर्ताओं व अन्य आवश्यक पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी.  


इसके पूर्व, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों का स्वागत करते हुए छात्र-छात्राओं के समग्र विकास की दिशा में डीपीएस बोकारो के प्रयासों पर प्रकाश डाला.  उन्होंने सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल से परहेज करने पर भी बल दिया.
समारोह के दौरान सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में साइंस स्ट्रीम के नेशनल टॉपर आदित्य मिश्रा को सम्मानित किया गया.

 

प्राचार्य डॉ. गंगवार ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंटकर विद्यालय की ओर से समस्त विद्यार्थियों व अभिभावकों के समक्ष सम्मानित किया. अपने उद्गार में आदित्य ने विद्यालय के प्रति कृतज्ञता करते हुए अपने जूनियर साथियों को स्कूलिंग के महत्व, अनुशासन और नियमितता के साथ पढ़ाई करने का संदेश दिया. आदित्य ने काउंसलर विकास कुमार के साथ प्रश्नोत्तरी सत्र के दौरान भी अपने विचार साझा किए. 

 


इसके पूर्व, आरंभ में अतिथियों द्वारा दीप-प्रज्जवलन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई. समारोह के दौरान प्राचार्य ने अतिथियों को शॉल से अलंकृत कर सम्मानित किया. कार्यक्रम का संचालन छात्रा अनुष्का शर्मा व वाइस हेड गर्ल स्वर्णिम ने किया. जबकि, धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के वाइस हेड बॉय ध्रुव लोधा ने किया. 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही