Bokaro News : बोकारो स्टील सिटी (बीएस सिटी) कॉलेज में स्नातकोत्तर (पीजी) में नए सत्र का नामांकन बंद करने के फैसले से विद्यार्थियों में आक्रोश है. विश्वविद्यालय के इस निर्णय के विरोध में छात्र नेताओं और विद्यार्थियों ने कॉलेज परिसर में आवाज उठाई.
इसे भी पढ़ें
छात्र नेताओं ने कहा कि पीजी की पढ़ाई बंद होने से बोकारो के हजारों विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए धनबाद या रांची जाना पड़ेगा. इससे आर्थिक रूप से कमजोर और दूरदराज के विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा.
छात्र नेता पिंटू राजा ने बताया कि वर्ष 2018 में भी बीएस सिटी कॉलेज में पीजी की पढ़ाई जारी रखने को लेकर बड़ा आंदोलन हुआ था. तब कॉलेज के मुख्य गेट पर अनशन भी किया गया था. तत्कालीन विधायक समरेश सिंह के आश्वासन के बाद अनशन समाप्त हुआ था. उस समय भरोसा दिया गया था कि बोकारो में पीजी की पढ़ाई बंद नहीं होगी. लेकिन अब विश्वविद्यालय की ओर से नामांकन बंद करने की सूचना जारी किए जाने से छात्रों में असंतोष है.
पिंटू राजा ने बताया कि वर्ष 2018 से कॉलेज में पीजी की पढ़ाई नियमित रूप से चल रही थी. नए सत्र में नामांकन लेने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अब दूसरे जिलों में जाना पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि करीब ढाई से तीन हजार विद्यार्थियों के भविष्य पर इसका असर पड़ सकता है. विश्वविद्यालय ने पीजी की पढ़ाई बंद करने की वजह शिक्षकों की कमी बताई है. जबकि कॉलेज में कुछ शिक्षक अब भी पीजी की कक्षाएं ले रहे हैं.छात्रों की मांग है कि शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए बहाली की जाए, न कि पढ़ाई ही बंद की जाए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

