Bokaro News: जंगली सियार के हमले में घायल चापी निवासी राजू गंझू की मौत हो गई. बताया गया कि 11 सितंबर को सियार ने राजू पर हमला किया था. हमले के बाद से उसका इलाज चल रहा था. शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. शनिवार को शव गांव पहुंचने के बाद क्षेत्र में मातम पसर गया.
इसे भी पढ़ें:
सियार के हमले से क्षेत्र में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है. इससे पहले 3 सितंबर को दुर्गापुर निवासी बुधनी देवी और 17 सितंबर को टांगटोना निवासी राधा महतो की मौत हो चुकी है. लगातार हो रही मौतों से ग्रामीणों में भय का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलने के बाद सियार के डर से लोग घरों से बाहर निकलने से भी कतरा रहे हैं.
मुआवजे और सियार पकड़ने की मांग
घटना के बाद वन बचाव केंद्रीय समिति के अध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने मृतक के परिजनों को जल्द मुआवजा देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि राजू परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था. उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. ऐसे में वन विभाग को नियम के तहत तत्काल मुआवजा उपलब्ध कराना चाहिए.
उन्होंने क्षेत्र में सियार के बढ़ते हमलों को रोकने के लिए वन विभाग से आवश्यक कदम उठाने की भी मांग की. उन्होंने कहा कि विभाग पिंजरा लगाकर सियार को पकड़ने की कार्रवाई करें, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

