Bokaro News : बोकारो के चीराचास थाना क्षेत्र स्थित क्रिएटिव बॉयज हॉस्टल में चोरी करने पहुंचे तीन अज्ञात युवकों ने हॉस्टल संचालक समेत तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया. घटना में हॉस्टल संचालक रजत कुमार और दो स्टाफ गंभीर रूप से घायल हो गए.
रजत कुमार को इलाज के लिए रात में ही मेडिकेंट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें माइनर सर्जरी की सलाह दी. कुलदीप कुमार सिंह हॉस्टल मैनेजर के अनुसार रविवार की देर शाम पांडेपुर के पास उत्सव वाटिका में क्रिएटिव हॉस्टल का वार्षिक मीटिंग और काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया था.
कार्यक्रम में हॉस्टल के बच्चे, स्टाफ और संचालक रजत कुमार मौजूद थे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी बच्चों को हॉस्टल छोड़ने के लिए वापस लौटे .हॉस्टल पहुंचने पर उन्होंने देखा कि परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे का तार कटा हुआ है. जैसे ही गेट खोला गया, अंदर से तीन अज्ञात युवक बाहर निकलने लगे.
हॉस्टल संचालक और स्टाफ ने शोर मचाते हुए युवकों को रोकने का प्रयास किया. इसी दौरान तीनों ने चाकू निकाल लिया और हमला कर दिया.हमले में रजत कुमार को कान के पास, बांह और जांघ में चाकू लगा है. घाव गहरा होने के कारण डॉक्टरों ने तत्काल माइनर सर्जरी की सलाह दी. वहीं दो स्टाफ भी घायल हुए हैं.
रजत कुमार के भाई राहुल कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही परिवार अस्पताल पहुंचा. मौके पर मौजूद लोगों ने एक आरोपी युवक को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य युवक भागने में सफल रहे. पकड़े गए युवक की भीड़ ने पिटाई कर दी, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी.आसपास की सीसीटीवी को खंगाल जा रहा है

