- नावाडीह की सलमा परवीन बनीं महिला उद्यमिता की मिसाल
Bokaro News : दो सिलाई मशीनों से शुरू हुआ छोटा-सा सपना आज न केवल परिवार की खुशहाली का आधार बन चुका है, बल्कि पांच अन्य महिलाओं के जीवन में भी उम्मीद के नए रंग भर रहा है. बात हो रही है बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड के सुरही गांव की रहने वाली सलमा परवीन की. सलमा अब क्षेत्र में महिला उद्यमिता की मिसाल बन चुकी हैं.
इसे भी पढ़ें
वर्ष 2022 में पति की मात्र दो सिलाई मशीनों से शुरू हुआ सलमा का सफर आज सलमा सिलाई सेंटर के रूप में एक सफल उद्यम बन चुका है. अपनी मेहनत के बल पर उन्होंने न केवल परिवार को आर्थिक मजबूती प्रदान की, बल्कि पांच अन्य महिला कारीगरों को भी रोजगार से जोड़ा है.
सलमा प्रवीन ने 23 जुलाई 2022 को सिलाई कार्य की शुरुआत की थी. सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने हुनर, लगन और निरंतर प्रयास से व्यवसाय का विस्तार किया. आज उनके सिलाई सेंटर में मुख्य रूप से थोक स्तर पर महिला परिधानों की सिलाई की जाती है. सेंटर का मासिक व्यावसायिक टर्नओवर 70,000 से 75,000 और वार्षिक टर्नओवर 8 से 10 लाख तक पहुंच गया है.
बोकारो डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना जिले के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है. सलमा परवीन ने सीमित संसाधनों में अपने हुनर और मेहनत से सफलता हासिल कर पांच अन्य महिलाओं को रोजगार दिया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

