Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

बोकारो: जयंत सिंह की निर्मम हत्या के विरोध में सड़कें जाम, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी

Bokaro : सेक्टर-8 ए निवासी 30 वर्षीय जयंत सिंह की निर्मम हत्या के विरोध में मंगलवार को बोकारो में जन आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा. न्याय की मांग कर रहे आक्रोशित लोगों ने शहर के प्रमुख चौराहों जैसे नया मोड़, बिरसा चौक और राष्ट्रीय राजमार्ग को घंटों जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया.

 

सैकड़ों की संख्या में सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी लगातार प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे और अपना गुस्सा निकाल रहे थे. इस जाम के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और खासकर मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. प्रदर्शनकारियों का साफ कहना था कि जयंत सिंह की हत्या ने पूरे शहर को झकझोर दिया है, और अब वे चुप नहीं बैठेंगे.

 

दोषियों के लिए फांसी की मांग 

मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, लेकिन लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ. सड़क जाम के दौरान माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण बना रहा.

 

प्रदर्शनकारी मुख्य रूप से विनोद खोपड़ी समेत अन्य दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और फांसी की सजा की मांग पर अड़े रहे. सड़क जाम कर रहे लोगों ने मुख्य आरोपित विनोद खोपड़ी को एक दुर्दांत अपराधी बताया और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए.

 

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बोकारो स्टील प्रबंधन गरीबों की झोपड़ियां हटाने में तुरंत कार्रवाई करता है, लेकिन विनोद खोपड़ी द्वारा बोकारो स्टील की पांच एकड़ से अधिक जमीन पर किए गए अवैध कब्जे पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.

 

प्रदर्शनकारियों ने तत्काल मांग की  

विनोद खोपड़ी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया जाए. उस पर सीसीए एक्ट लगाया जाए. स्पीडी ट्रायल के जरिए उसे कड़ी सजा दिलाई जाए. प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि विनोद खोपड़ी का आवास यातना गृह की तरह इस्तेमाल होता है, जहां व्यवसायियों व अन्य लोगों के साथ मारपीट, धमकी देने और युवाओं को नशे की लत लगाने जैसे कृत्य किए जाते हैं. 

 

अपहरण के बाद कर दी गई हत्या

उल्लेखनीय है कि हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-8 ए निवासी 30 वर्षीय जयंत सिंह का अपहरण आठ दिसंबर को किया गया था. पांचवें दिन, पुलिस को गिरिडीह के पीरटांड़ इलाके की जिलेबिया घाटी से उसका शव बरामद हुआ.

 

पुलिस के अनुसार, जयंत की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या की गई थी और फिर शव को ठिकाने लगाया गया. मृतक की पत्नी अमृता सिंह के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें उन्होंने विनोद खोपड़ी पर धमकी देने और अपहरण कराने का गंभीर आरोप लगाया है.

 

पुलिस के पास एक वायरल ऑडियो भी है, जिसमें विनोद खोपड़ी कथित तौर पर जयंत सिंह को धमकी देता हुआ सुनाई दे रहा है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अब तक विनोद खोपड़ी समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश अभी भी जारी है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही