Lagatar Desk : एक्टर बॉबी देओल की पॉपुलर वेब सीरीज आश्रम 4 की शूटिंग टीम को ले जा रही एक टूरिस्ट बस का ब्रेक फेल होने से एक बड़ा हादसा होने से टल गया है.हालांकि, ड्राइवर की सूझबूझ के कारण बस को सुरक्षित रोक लिया गया. राहत की बात यह है कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई.
ऋषिकेश-चंबा मार्ग पर फेल हुआ बस का ब्रेक
जानकारी के मुताबिक, यह घटना ऋषिकेश-चंबा मार्ग पर ताछिला-बेमर के पास एक पहाड़ी ढलान पर हुई. राजस्थान के जयपुर नंबर वाली टूरिस्ट बस में आश्रम 4 टीम के करीब 20 सदस्य सवार थे. पहाड़ी रास्ते पर अचानक बस का ब्रेक फेल हो गई.
ड्राइवर की सूझबूझ से सुरक्षित रुकी बस
बस के ड्राइवर शाहिद अली ने घबराने के बजाय समझदारी से काम लिया. उन्होंने बस को सड़क किनारे बनी नाली की ओर मोड़ दिया. नाली के सहारे घिसटते हुए बस धीरे-धीरे रुक गई. ड्राइवर की इस सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया.
सभी क्रू मेंबर सुरक्षित
बस रुकने के बाद उसमें सवार सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. इसके बाद शूटिंग टीम के सदस्यों को दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया.आश्रम वेब सीरीज का निर्देशन प्रकाश झा ने किया है, जबकि बॉबी देओल इसमें मुख्य भूमिका निभा रहे हैं.