Jamtara News: करमाटांड़ थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने सरकारी विदेशी शराब दुकान को निशाना बनाया. मदनकट्टा-कालाझरिया स्थित शराब दुकान में गुरुवार की देर रात चोरों ने दीवार में सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर दुकान से 85 हजार नकद और करीब 20 हजार रुपये मूल्य की विदेशी शराब लेकर फरार हो गए.
जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की है. इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ था. इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने शराब दुकान की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद दुकान में रखी नकदी और विदेशी शराब समेटकर फरार हो गए. चोरों ने इतनी सावधानी से वारदात को अंजाम दिया कि किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी.
इसे भी पढ़ें:
चोरी के दौरान दीवार काटने की आवाज पास में रहने वाले मकान मालिक महुर भुइयां के कानों तक पहुंची. आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई. अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने तत्काल शराब दुकान के कर्मचारियों को सूचना दी और शोर मचाकर आसपास के लोगों को सतर्क किया. हालांकि, जब तक लोग मौके पर जुटते, चोर अपना काम पूरा कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे.
मामले को लेकर दुकान कर्मचारी राजेश मंडल ने करमाटांड़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

