Saraikela News : सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में लापता दो युवकों के शव जमीन के अंदर दबे मिले. दोनों शव रामचंद्रपुर-रापचा फुटबॉल मैदान के पास वन क्षेत्र से बरामद किए गए हैं. मृतकों की पहचान राहुल हांसदा व तपन प्रधान के रूप में हुई है. परिजनों ने 20 अगस्त को दोनों के लापता होने की शिकायत कांड्रा थाने में दर्ज कराई थी. परिजनों ने अपहरण की आशंका भी जताई थी. इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और दो युवकों को हिरासत में लिया.
सरायकेला की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इसे भी पढ़ें
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण सुराग मिले. इसके आधार पर रामचंद्रपुर-रापचा फुटबॉल मैदान के पास तलाशी अभियान चलाया गया. खुदाई के दौरान जमीन में गाड़े गए दोनों युवकों के शव बरामद किये गये.
पुलिस को शुरुआती जांच में घटना के पीछे मोबाइल चोरी से जुड़े विवाद की आशंका है. हालांकि, पुलिस ने अभी इस कनेक्शन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस हत्या की वजह, मोबाइल चोरी से संबंध और अन्य लोगों की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
मौके से पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और घटना की पूरी जानकारी सामने आएगी. दो शव मिलने की खबर के बाद कांड्रा इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

