Himangshu karan
Baharagora: बहरागोड़ा प्रखंड के पचंडो और रांगुनिया गांव को जोड़ने वाला वर्षों पुराना पुल लगातार बारिश और तेज जलभराव के कारण अत्यंत जर्जर स्थिति में पहुंच गया है. जिससे क्षेत्र के दर्जनों गांवों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल तक का आवागमन बाधित होने का खतरा मंडराने लगा है. पिछले दो वर्षों से मरम्मत के अभाव में बदहाल इस पुल का एक बड़ा हिस्सा मिट्टी धंसने और पानी के तेज बहाव से करीब एक फीट तक नीचे दब गया है.
इसे भी पढ़ें:
स्थानीय ग्रामीणों तापस पात्र, सुमन भुईया, सुकरा देहुरी, तापस भुईया, सोमेश सेनापति, हरीहर पात्र और पूर्णेन्दु नायक के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चे, किसान, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक जान जोखिम में डालकर गुजरने को मजबूर हैं.
ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते मरम्मत या मजबूतीकरण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. जिससे बारिश के दिनों में किसी बड़ी अनहोनी और हादसे की आशंका बनी हुई है. लिहाजा, आक्रोशित ग्रामीणों ने जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से जल्द नए पुल के निर्माण या मरम्मत की जोरदार मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

