Bokaro News : बीएसएल के ईडी आवास के घेराव के दौरान बुधवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब प्रदर्शनकारियों ने एक महिला कांस्टेबल पर बीएसएल के पूर्व अधिकारी की पत्नी को थप्पड़ मारने का आरोप लगाया.
थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में महिला कांस्टेबल को बीएसएल के पूर्व अधिकारी की पत्नी को थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है. इस दौरान दोनों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिसके बाद कांस्टेबल ने उन्हें थप्पड़ मार दिया. घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई.
इसे भी पढ़ें
सेक्टर-12 के आवास को खाली कराने का विरोध
गौरतलब है कि बीएसएल प्रबंधन के सेक्टर-12 के आवास खाली कराने के आदेश के विरोध में आज बुधवार को आवास बचाओ संघर्ष मोर्चा, बीएसएल के पूर्व कर्मचारी और लाइसेंसी आवासधारी ईडी के आवास का घेराव कर रहे हैं.
प्रदर्शन को देखते हुए बीएसएल प्रबंधन की ओर से ईडी आवास की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. आवास के आसपास दो लेयर की सुरक्षा व्यवस्था के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
जर्जर आवास खाली कराने का विरोध
बीएसएल ने सेक्टर-12 स्थित कई आवासों को पूर्व कर्मचारियों को लाइसेंस समेत अन्य निर्धारित नियमों के तहत आवंटित किया था. प्रबंधन ने इन आवासों की जर्जर स्थिति को देखते हुए उन्हें असुरक्षित जोन घोषित किया है. इसके बाद आवास खाली कराने का निर्देश जारी किया गया है.
प्रबंधन की ओर से प्रभावित आवासधारियों को सेक्टर-11 और सेक्टर-8 में वैकल्पिक आवास देने की बात कही गई है. हालांकि, आवासधारियों का कहना है कि जिन आवासों का विकल्प उन्हें दिया जा रहा है, उनकी स्थिति सेक्टर-12 के मौजूदा आवासों से भी खराब है.

