- JPSC-JSSC घोटाले की जांच कई राज्यों में फैला
- 7 राज्यों में FIR, पुराने परीक्षा घोटालों से भी कनेक्शन
- JSSC की एजेंसी से जुड़े दो लोग गिरफ्तार
- कंपनियों के जरिए भी नेटवर्क खंगाल रही CID
- बिहार से दिल्ली तक फैले नेटवर्क की जांच
Ranchi News: JPSC और JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, CID को एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क के संकेत मिल रहे हैं. जांच में सामने आए कनेक्शनों ने एजेंसी की जांच का दायरा झारखंड से बाहर कई राज्यों तक पहुंचा दिया है.
इसे भी पढ़ें:
जांच में अभय तिवारी के कथित सहयोगी और उसके संपर्क में रहे मिथिलेश सिंह उर्फ आरके सिंह की भूमिका को लेकर भी कई गंभीर तथ्य सामने आए हैं. मिथिलेश के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में दर्ज मामले, परीक्षा घोटालों से जुड़े पुराने कनेक्शन और कारोबारी नेटवर्क की जांच की जा रही है.
CID को जांच के दौरान मिथिलेश सिंह के खिलाफ करीब सात राज्यों में दर्ज मामलों की जानकारी मिली है. आरोपित का नाम राजस्थान, बिहार, पंजाब और तेलंगाना समेत कई राज्यों में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है. वह अलग-अलग मामलों में कई बार जेल भी जा चुका है.
राजस्थान परीक्षा घोटाले के मास्टरमाइंड अमृतलाल मीणा को बनारस में कथित तौर पर जहर देकर मारने के आरोप से जुड़े मामले की जानकारी भी जांच के दौरान सामने आई है. इस मामले में राजस्थान में जीरो FIR दर्ज होने की बात कही जा रही है. यह पुराना मामला है और इसके आरोपों की जांच संबंधित एजेंसियों के स्तर पर हुई थी.
इधर JPSC-JSSC मामले में CID ने गुरुवार को JSSC में काम कर रही एजेंसी BEBAL से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है. दोनों को पूछताछ के लिए रांची लाया गया है. CID की पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की तैयारी है. इसके बाद जांच एजेंसी दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर सकती है.
इसके अलावा CID ने चार अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है. इनसे परीक्षा प्रक्रिया, अभ्यर्थियों और एजेंसियों के बीच कथित संपर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है.
जांच में ICN India Private Limited समेत कई कंपनियों के नाम सामने आए हैं. DA Urban Nomads Community Private Limited, Piggy Ventures Private Limited, Hackpackt Homtels Private Limited और DooperSuper Ecosystem Seeds Private Limited से मिथिलेश सिंह के कथित कारोबारी संबंधों की भी पड़ताल हो रही है.
CID अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन कंपनियों और परीक्षा से जुड़े लोगों के बीच कोई वित्तीय या कारोबारी कनेक्शन था या नहीं.
CID की अलग-अलग टीमें बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में जांच कर रही हैं. बिहार में शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कारोबार और पटना के बिहटा इलाके में B.Ed कॉलेज से कथित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


