Jamshedpur News : टाटा मोटर्स में वार्षिक बोनस समझौते को लेकर सोमवार को दिनभर गतिविधियां तेज रहीं. बोनस को लेकर यूनियन और प्रबंधन के बीच बातचीत अंतिम दौर में पहुंच गई है. मंगलवार को बोनस समझौते पर अंतिम मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है. ऐसे में कर्मचारियों की नजर अब होने वाले अंतिम समझौते पर टिकी हुई है.
सोमवार को यूनियन कार्यालय के कांफ्रेंस हॉल में अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह की मौजूदगी में यूनियन पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में बोनस से जुड़े विभिन्न मुद्दों और प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई. यूनियन पदाधिकारियों के बीच आपसी सहमति बनाने के बाद दोपहर बाद यूनियन और प्रबंधन के बीच जेनरल ऑफिस में वार्ता होने की बात सामने आई.
इस वार्ता में बोनस से जुड़े प्रस्तावों के साथ अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अंतिम चर्चा की जानी है. दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद तैयार किए गए समझौते के मसौदे पर यूनियन और प्रबंधन के प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है.
समझौता होने के बाद कर्मचारियों को मिलने वाले बोनस की राशि और प्रतिशत की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी. फिलहाल बोनस समझौते को लेकर कर्मचारियों के बीच उत्सुकता बनी हुई है. सोमवार की वार्ता और मंगलवार को होने वाली संभावित अंतिम बातचीत के बाद शाम तक बोनस समझौते की पूरी स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.

