- 12 जिलों का सफर पूरा कर धनबाद पहुंची भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा
- पेपर लीक और भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच की उठी मांग
Dhanbad News : झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त बहाली की मांग को लेकर निकली भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा मंगलवार को अपने नौवें दिन धनबाद पहुंची. इस दौरान बलियापुर स्थित बिनोद धाम में जननेता बिनोद बिहारी महतो के आवास पर छात्र नेता देवेंद्र महतो ने मीडिया से बातचीत की.
पढ़ो और लड़ो के संदेश को आगे बढ़ाने का आह्वान
देवेंद्र महतो ने जननेता बिनोद बिहारी महतो के प्रसिद्ध नारे पढ़ो और लड़ो को दोहराते हुए कहा कि झारखंड के युवाओं को अपने अधिकार और योग्यता के आधार पर नौकरी हासिल करने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा. उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है.
नौकरी की दुकान चलाने वालों पर कार्रवाई की मांग
जेएलकेएम नेता ने राज्य की भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने सरकारी नौकरियों को बाजार बना दिया है. पेपर लीक और भर्ती में गड़बड़ी के मामलों में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई कर पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया जाता है. उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में बड़े नेताओं और आला अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
12 जिलों का सफर पूरा, धनबाद-बोकारो में आंदोलन का अगला चरण
देवेंद्र महतो ने बताया कि भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा अब तक झारखंड के 24 में से 12 जिलों का दौरा कर चुकी है. संथाल परगना और उत्तरी छोटानागपुर के विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं से संवाद के बाद यात्रा का अगला चरण धनबाद और बोकारो में आयोजित किया जा रहा है.
बलियापुर के बिनोद धाम से पदयात्रा शुरू होकर किसान चौक और मनिंद्र चौक होते हुए रणधीर वर्मा चौक पहुंचेगी. पुटकी और प्रभु चौक पर युवाओं से संवाद किया जाएगा. इसके बाद यात्रा बोकारो जिले में प्रवेश करेगी. उन्होंने कहा कि संथाल परगना से शुरू हुआ यह अभियान अब सिर्फ एक छात्र नेता का आंदोलन नहीं रह गया है, बल्कि झारखंड के बेरोजगार युवाओं की साझा आवाज बन चुका है.
उन्होंने यह भी कहा कि जब तक भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जाते तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

