Bokaro News: मजदूर मैदान में गुरुवार रात गणेश पूजा का मेला घूमकर घर लौट रहे ऑटो को कार ने टक्कर मार दी. हादसे में ऑटो चालक पिछरी निवासी सुनील वर्मा (60) की मौत हो गई. ऑटो में सवार सात लोग घायल हुए हैं. इनमें एक महिला और उनकी भतीजी की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा है.
इसे भी पढ़ें:
मृतक सुनील वर्मा लोन पर टेंपो लेकर चला रहे थे. इसी ऑटो को चलाकर वह परिवार का भरण-पोषण करते थे. गाड़ी लेने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति कुछ बेहतर हुई थी. उनके दो बेटे और एक बेटी का अभी विवाह नहीं हुआ है. वह अपने भाई की बेटी को भी अपने साथ रखकर पढ़ा-लिखाकर उसका विवाह करना चाहते थे.
परिजनों के अनुसार, गणेश मेला देखने के बाद सुनील वर्मा ऑटो में सवार लोगों को लेकर पिछरी लौट रहे थे. इसी दौरान सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के उख़रीद मोड़ के पास किआ सोनेट ने ऑटो को ओवरटेक करने के दौरान डिवाइडर से टक्कर मार दी. इसके बाद अनियंत्रित कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो चालक सुनील वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोगों के अनुसार सोनेट के नंबर प्लेट पर पुलिस का स्टीकर भी लगा हुआ था.
घायल ऑटो सवार हेमंत मिश्रा के परिजन ने बताया कि परिवार के सात लोग ऑटो में बैठे थे. हादसे में उनकी मां और भतीजी गंभीर रूप से घायल हैं. डॉक्टरों ने इलाज में करीब आठ लाख रुपये खर्च होने की बात कही है. प्रतिदिन 16 से 17 हजार रुपये की दवाएं चल रही हैं. परिजनों का कहना है कि वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं और इतनी बड़ी रकम जुटाना उनके लिए मुश्किल है. पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

