Ranchi News: मुड़मा जतरा क्षेत्र से करीब 500 मीटर की दूरी पर पूर्व आर्मी बिरसा उरांव के निर्माणाधीन मकान को तोड़े जाने के मामले में धर्मगुरु बंधन तिग्गा समेत सैकड़ों लोगों के खिलाफ मांडर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. आरोपियों पर घर में तोड़फोड़, पैसा लूटने, मोबाइल छीनने और मारपीट करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
पीड़ित परिवार के अनुसार, करीब 200 से 250 लोगों की भीड़ अचानक निर्माणाधीन मकान के पास पहुंची और निर्माण कार्य बंद करा दिया. आरोप है कि भीड़ ने मकान की खड़ी दीवारों को तोड़ दिया. इस दौरान बिरसा उरांव और वहां काम कर रहे मजदूरों के साथ मारपीट भी की गई. पीड़ित परिवार वालों ने बताया कि भीड़ में कई लोग हरवे-हथियार से लैस थे.
इसे भी पढ़ें -
परिजनों ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि पूरी घटना धर्मगुरु बंधन तिग्गा के कथित इशारे पर हुई. परिवार का यह भी आरोप है कि इससे पहले भी बिरसा उरांव के मकान को तोड़ने की घटनाएं हुई हैं, पुलिस प्रशासन की ओर से बंधन तिग्गा पर कोई कार्रवाई नहीं की गई.
बिरसा उरांव करीब पांच डिसमिल रैयती जमीन पर पिछले कई वर्षों से मकान का निर्माण करा रहे हैं. उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद निर्माण कार्य शुरू किया गया था. मामले की जानकारी मुड़मा जतरा समिति को भी दी गई थी और कई बैठकें हुईं, लेकिन कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ. मांडर थाना में केस दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

