Ranchi News : बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर खराब मौसम और कोहरे में सुरक्षित लैंडिंग का इंतजार और लंबा हो गया है. कैट-2 (CAT-II) इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम लगाने का काम जमीन अधिग्रहण के पेंच में फंसा हुआ है. इस कारण आगामी सर्दियों मंग घने कोहरे के दौरान उड़ानों के डायवर्ट या रद्द होने की समस्या पहले की तरह ही बनी रहेगी.
इसे भी पढ़ें...
900 मीटर में लगनी है अप्रोच लाइट
एयरपोर्ट पर कैट-2 सिस्टम के तहत रनवे के बाहर 900 मीटर हिस्से में अप्रोच लाइट लगाई जानी है. यह व्यवस्था पूरी होने के बाद कम विजिबिलिटी में भी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित हो सकेगी. घने कोहरे और बारिश के दौरान भी विमान 550 से 600 मीटर की दृश्यता में आसानी से रनवे पर उतर सकेंगे.
ग्रामीण नहीं छोड़ रहे जमीन
इस प्रोजेक्ट के लिए आवश्यक जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया अभी चल रही है. जिस अतिरिक्त जमीन पर ये अप्रोच लाइट्स लगनी हैं, वहां से स्थानीय ग्रामीण हटने को तैयार नहीं हैं. एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि भूमि अधिग्रहण का विषय राज्य सरकार का है.
जमीन मिलने के बाद ही शुरू होगा काम
निदेशक ने बताया कि जब प्रशासन की ओर से एयरपोर्ट प्रबंधन को जमीन सौंप दी जाएगी, उसके बाद ही लाइटिंग का काम आगे बढ़ पाएगा. वर्तमान स्थिति को देखते हुए इस साल सर्दियों से पहले यह महत्वपूर्ण सिस्टम चालू होने की उम्मीद काफी कम नजर आ रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

