News Delhi: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है. दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी. सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से आयोजित की जाएंगी. बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से 101 दिन पहले ही डेट शीट जारी कर दी है, ताकि विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके.
बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, इस बार 10वीं के 83 और 12वीं के 121 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी. कक्षा 10वीं के लिए 26.5 लाख से अधिक और कक्षा 12वीं के लिए 19.8 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है. इस तरह दोनों कक्षाओं में कुल 46.3 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे.
इसे भी पढ़ें:
डेट शीट तैयार करते समय 40 हजार से अधिक विषय संयोजनों को ध्यान में रखा गया है, ताकि किसी विद्यार्थी के दो विषयों की परीक्षा एक ही दिन न पड़े. बोर्ड ने मुख्य विषयों के बीच पर्याप्त अंतराल भी रखा है. वहीं, 12वीं के विद्यार्थियों की डेट शीट तैयार करते समय राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं के संभावित कार्यक्रम को भी ध्यान में रखा गया है.
कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर मार्च में संपन्न होंगी. प्रमुख विषयों की परीक्षाओं की तिथियां इस प्रकार हैं.
- 16 फरवरी : पेंटिंग
- 17 फरवरी : गणित (स्टैंडर्ड और बेसिक)
- 19 फरवरी : गृह विज्ञान
- 22 फरवरी : विज्ञान
- 24 फरवरी : कंप्यूटर एप्लीकेशन, सूचना प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
- 26 फरवरी : अंग्रेजी
- 3 मार्च : हिंदी
- 8 मार्च : सामाजिक विज्ञान
12वीं की परीक्षाओं का कार्यक्रम
कक्षा 12वीं की परीक्षाएं भी 16 फरवरी से शुरू होंगी. प्रमुख विषयों की तिथियां इस प्रकार हैं.
- 16 फरवरी : भौतिक विज्ञान
- 18 फरवरी : शारीरिक शिक्षा
- 23 फरवरी : लेखाशास्त्र
- 25 फरवरी : भूगोल
- 27 फरवरी : रसायन विज्ञान
- 5 मार्च : अंग्रेजी
- 9 मार्च : गणित और एप्लाइड गणित
- 13 मार्च : हिंदी
- 16 मार्च : अर्थशास्त्र
- 19 मार्च : राजनीति विज्ञान
- 25 मार्च : जीव विज्ञान
- 27 मार्च : इतिहास
- 31 मार्च : कंप्यूटर साइंस और इन्फॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेज
- 1 अप्रैल : बिजनेस स्टडीज
- 9 अप्रैल : रिटेल और वेब एप्लीकेशन
बोर्ड ने कहा है कि डेट शीट पहले जारी होने से विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई और रिवीजन की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी. इससे स्कूलों को भी शैक्षणिक गतिविधियों और परीक्षा संबंधी तैयारियों को व्यवस्थित करने का अवसर मिलेगा. मूल्यांकन कार्य के दौरान शिक्षकों की अनुपस्थिति कम रखने का भी प्रयास किया गया है, ताकि अन्य कक्षाओं की पढ़ाई प्रभावित न हो.
परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड में दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा. परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन और अन्य संचार उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी. विस्तृत जानकारी और आधिकारिक डेट शीट सीबीएसई की वेबसाइट www.cbse.gov.in पर उपलब्ध है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

