Ranchi News: भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी की अहम बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड को योजनाएं देने के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन राज्य सरकार कुछ ले ही नहीं पा रही है और काम ही नहीं कर रही है. उन्होंने कहा कि जब राज्य सरकार जमीनी स्तर पर काम करेगी ही नहीं, तो उसे पैसा और योजनाओं का लाभ कैसे मिलेगा.
अधूरे पड़े हैं मेडिकल कॉलेज
स्वास्थ्य व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में डबल इंजन (भाजपा) की सरकार के समय तीन नए मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हुए थे. लेकिन हेमंत सरकार के कार्यकाल में वे अब तक पूरी तरह संचालित नहीं हो सके हैं. दुमका में मेडिकल कॉलेज तो चालू हुआ, लेकिन अभी तक अस्पताल नहीं बना. वहीं चाईबासा और कोडरमा में भी मेडिकल कॉलेजों का काम अधूरा पड़ा है.
इसे भी पढे़ं -
बैठक में केंद्र के कार्यों की सराहना
इससे पूर्व प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठकों में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार के कार्यों की सराहना की गई. मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश से माओवादी उग्रवाद काफी हद तक समाप्त हुआ है. इसके अलावा देवघर एयरपोर्ट, साहिबगंज मनिहारी गंगा पुल और राज्य में रेल नेटवर्क के विस्तार जैसी परियोजनाओं ने विकास की रफ्तार बढ़ाई है.
जनजातीय समाज को केंद्र ने दिया सम्मान
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि केंद्र की सरकार ने झारखंड के जनजातीय समाज को पूरा सम्मान दिया है. भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को पूरे देश में 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाना शुरू किया गया. इसके अलावा रांची में बिरसा मुंडा जेल परिसर को भव्य जनजातीय संग्रहालय में बदला गया. उन्होंने यह भी कहा कि बिना किसी राजनीतिक या सामाजिक भेदभाव के राज्य के 17 लोगों को पद्म सम्मान से नवाजा गया है, जिनमें शिबू सोरेन भी शामिल हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

