Shambhu Kumar
Chaibasa: कोल्हान के प्रमंडलीय आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने बुधवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय का निरीक्षण किया. आयुक्त ने प्रखंड में विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का जायजा लिया. उन्होंने रोकड़ बही, आगत-निर्गत पंजी, वेतन भुगतान पंजी, आवंटन पंजी सहित विभिन्न अभिलेखों एवं संचिकाओं की जांच की.
साथ ही 15वें वित्त आयोग से संबंधित योजना पंजी और अभिलेखों के संधारण की भी समीक्षा की. उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्था में आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति तथा लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.
इसे भी पढ़ें:
आयुक्त ने कहा कि आम नागरिकों को सुगम, पारदर्शी, समयबद्ध एवं नागरिक हितैषी सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने जन शिकायतों, ऑनलाइन-ऑफलाइन आवेदनों एवं परिवादों के त्वरित निष्पादन तथा लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग का निर्देश दिया. साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का स्थानीय भाषा में व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लाभुकों तक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया.
बाल विकास परियोजना कार्यालय के निरीक्षण के दौरान योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लाभुकों को समय पर लाभ देने का निर्देश दिया गया. आयुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों को पारदर्शी, जवाबदेह एवं परिणामोन्मुखी कार्य संस्कृति अपनाते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा.
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, आयुक्त के सचिव दयानंद कर्जी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

