Shambhu Kumar
Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिला के चाईबासा स्थित समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में मंगलवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब 120 लोगों ने उपायुक्त से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और मांगों से अवगत कराया. शिकायतों और आवेदनों को सुनते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया.
कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों में शौचालय निर्माण, मुंडा नियुक्ति, बिजली कनेक्शन, जल जमाव की समस्या, राशन कार्ड, अभिलेख सुधार, सड़क निर्माण, मानदेय भुगतान, पेयजल सुविधा, आवास योजना सहित जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर आवेदन प्राप्त हुए. उपायुक्त ने सभी मामलों की गंभीरतापूर्वक समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवेदनों की जांच कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है.
उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम है. इसके जरिए लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है. उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी मामलों की जांच कर यथाशीघ्र निष्पादन किया जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके.
जनता दरबार में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों एवं नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए विभागवार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी मामलों का नियमानुसार निष्पादन कर लाभुकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment