Shambhu Kumar
Chaibasa News: 43वीं राष्ट्रीय जूनियर क्योरुगी ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026, 16वीं राष्ट्रीय जूनियर पूमसे तथा सब-जूनियर क्योरुगी/पूमसे चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिले के नौ खिलाड़ी शुक्रवार सुबह झारखंड टीम के साथ इंदौर, मध्य प्रदेश के लिए रवाना हुए. राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 3 और 4 अक्टूबर को चामेली देवी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, इंदौर में शुरू हो रहा है.
इसे भी पढ़ें:
झारखंड टीम में पश्चिमी सिंहभूम के खिलाड़ी पूमसे और क्योरुगी स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे. पूमसे में सुशील सुंडी, चंचल सोय, अदिति सुंडी, अद्विका साहू, आलिया हेम्ब्रम, आराध्या प्रसाद और स्वेच्छा यादव शामिल हैं. वहीं क्योरुगी स्पर्धा में अद्विका साहू, रिया नायक और याना सोय झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी. खिलाड़ियों के साथ पश्चिमी सिंहभूम जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव अनुराग शर्मा मुख्य कोच के रूप में टीम के साथ मौजूद हैं.
रवाना होने से पूर्व उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा और मेहनत को साबित करने का महत्वपूर्ण मंच है. उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ मुकाबले में उतरने तथा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की अपील की.
वहीं, पश्चिमी सिंहभूम जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष प्रमोद भगरिया ने सभी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की. खिलाड़ियों के रवाना होने से जिले के खेल प्रेमियों में भी उत्साह है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

