Shambhu Kumar
Chakradharpur: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर की सिरकासाई गांव के समीप बिंजय नदी से सोमवार को एक नवजात का शव बरामद किया गया. शव नदी में बहते हुए किनारे पर आकर फंस गया था. सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई.

बिंजय नदी से नवजात का शव बरामद
बताया जाता है कि सोमवार को कुछ युवक नदी में मछली पकड़ने गए थे. इसी दौरान उनकी नजर नदी किनारे फंसे नवजात के शव पर पड़ी. युवकों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी. देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. स्थानीय लोगों ने शव को नदी से बाहर निकालकर किनारे रखा तथा इसकी सूचना पुलिस को दी.
इसे भी पढ़ें:
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि जन्म के तुरंत बाद नवजात को नदी में फेंक दिया गया होगा. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. नवजात की पहचान, शव नदी में पहुंचने के कारण तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment