Shambhu Kumar
Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला के उपायुक्त मनीष कुमार ने मंगलवार शाम टोंटो प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं, आम बागवानी परियोजनाओं और धान रोपनी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया. उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. साथ ही अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा.
उपायुक्त सबसे पहले सिरिंगसिया स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने दवा उपलब्धता, ओपीडी, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, जांच सुविधाएं और साफ-सफाई का निरीक्षण किया. उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों, ग्रामीणों और मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं पर फीडबैक लिया. अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं.
इसे भी पढ़ें:
उपायुक्त ने मनरेगा सहित अन्य योजनाओं के तहत विकसित आम बागवानी परियोजनाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने लाभुकों से बातचीत कर पौधों की देखभाल, सिंचाई व्यवस्था और आय बढ़ाने की संभावनाओं की जानकारी ली. उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग और तकनीकी मार्गदर्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
इसके अलावा उपायुक्त ने किसानों से धान रोपनी की प्रगति और खेती से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी ली. उन्होंने वैज्ञानिक कृषि पद्धतियां अपनाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की. साथ ही अधिकारियों को किसानों को समय पर बीज, उर्वरक और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इस मौके पर प्रखंड विकास अधिकारी,मनरेगा के बीपीओ अन्य अधिकारी का कर्मचारी मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment