- -डीएमएफटी फंड से होगा घाट और गार्डवाल का निर्माण, छठ व्रतियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला की चक्रधरपुर शहर के पुरानी बस्ती स्थित संजय नदी घाट की तस्वीर जल्द बदलने वाली है. छठ महापर्व के दौरान व्रतियों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए चक्रधरपुर नगर परिषद के वार्ड संख्या-1 में संजय नदी के दोनों छोर पर छठ घाट एवं गार्डवॉल का निर्माण कराया जाएगा.
इसे भी पढ़ें:
जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) फंड से निर्माण होने वाली इस योजना का शुक्रवार को सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव ने शिलान्यास किया. इस योजना के धरातल पर उतरने से पुरानी बस्ती स्थित संजय नदी घाट पर छठ पूजा करने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.
साथ ही नदी के दोनों किनारों पर गार्डवॉल का निर्माण होने से घाट का व्यवस्थित विकास होगा. इससे न केवल छठ व्रतियों को पूजा-अर्चना के दौरान सहूलियत होगी, बल्कि आसपास की बस्ती के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा. गौरतलब है कि पुरानी बस्ती स्थित संजय नदी घाट पर प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं.
यहां छठ पूजा के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है. ऐसे में व्यवस्थित छठ घाट और आवश्यक सुविधाओं की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी. अब डीएमएफटी फंड से इस योजना का शिलान्यास होने के बाद स्थानीय लोगों में खुशी है.
शिलान्यास के अवसर पर सांसद जोबा माझी और विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना प्राथमिकता है. छठ घाट एवं गार्डवॉल का निर्माण पूरा होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ छठ व्रतियों को भी काफी सहूलियत होगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि योजना पूरी होने के बाद संजय नदी घाट अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनेगा.
शिलान्यास कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, उपाध्यक्ष विजय साव, वार्ड पार्षद स्वप्न कुमार मिस्त्री, संजय पासवान, शेष नारायण लाल, सदानंद होता, डिक्की मंडल, राजेश गुप्ता, अभय साव समेत काफी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

