Search

 
 
 

Chaibasa News: कोल्हान यूनिवर्सिटी का 7वां दीक्षांत समारोह, 26 गोल्ड मेडलिस्टों को राज्यपाल ने सौंपी उपाधि

Chaibasa News: दीक्षांत समारोह में 224 मेधावी विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गई. जिनमें 26 स्वर्ण पदक, 39 पीएचडी, 132 स्नातकोत्तर, 10 एमएड और 17 पीजी मेडिकल डिप्लोमा शामिल हैं. अंग्रेजी में प्रियंका महतो, भूगोल में शुभदीप हलदर, हिंदी में संजय सोलोमन, इतिहास में वर्षा साथुआ, होम साइंस में गुरुमनी सरदार, हो में मादे कोराह, कुड़माली में बालकिशोर महतो, गणित में सरोज कुमार आदित्य को उपाधियां मिलीं.
 
राज्यपाल के हाथों मिली डिग्रियां

Shambhu Kumar

Chaibasa News: कोल्हान यूनिवर्सिटी के 7वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार शामिल हुए. इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों की संख्या अपेक्षाकृत कम है. इस दिशा में विशेष ध्यान देने की जरूरत है. आने वाले समय में राज्य के सभी विश्वविद्यालयों (सरकारी हो या निजी) में शैक्षणिक सत्र नियमित किए जाएंगे. ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.


दीक्षांत समारोह में 224 मेधावी विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गई. जिनमें 26 स्वर्ण पदक, 39 पीएचडी, 132 स्नातकोत्तर, 10 एमएड और 17 पीजी मेडिकल डिप्लोमा शामिल हैं.

 

इसे भी पढ़ें:

 

पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की उपलब्धता भी जरूरी

विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की कमी से संबंधित सवाल पर राज्यपाल ने कहा कि शिक्षकों की नियुक्ति और कमी को दूर करने की प्रक्रिया राज्य सरकार के स्तर से पूरी की जानी है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में राज्य सरकार को आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा गया है. शिक्षकों की कमी को जल्द से जल्द दूर करने तथा इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करने पर जोर दिया गया है.


राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों में नियमित शैक्षणिक सत्र के साथ पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की उपलब्धता भी जरूरी है. इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी और उच्च शिक्षा के प्रति उनका विश्वास बढ़ेगा. 

इन विद्यार्थियों को मिला स्वर्ण पदक

विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूची के अनुसार बीएड सत्र 2023-25 में इशरत परवीन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है. एमएड सत्र 2023-25 में सुभद्रा लागुरी और एमबीए सत्र 2022-24 में नीलम परवीन ने प्रथम स्थान हासिल किया. सत्र 2023-25 के स्नातकोत्तर के विभिन्न विषयों के टॉपरों में एंथ्रोपोलॉजी से जुरा बारीबांग्ला और लक्ष्मीमोनी मुर्मू, बॉटनी में ज्योत्स्ना रानी जेना, केमिस्ट्री में कृति दीपा मोहंता, कॉमर्स में अमिला सिंकू, इकोनॉमिक्स में बिमल बारजो को उपाधियां मिलीं. 


साथ ही अंग्रेजी में प्रियंका महतो, भूगोल में शुभदीप हलदर, हिंदी में संजय सोलोमन, इतिहास में वर्षा साथुआ, होम साइंस में गुरुमनी सरदार, हो में मादे कोराह, कुड़माली में बालकिशोर महतो, गणित में सरोज कुमार आदित्य, उड़िया में सस्मिता गिरी, दर्शनशास्त्र में शिवा पूर्ति, राजनीति विज्ञान में सागर कुमार, फिजिक्स में लाल मुर्मू, मनोविज्ञान में आरती कुमारी, संस्कृत में रूपा सिंह मुंडा, संताली में गौरांग मुर्मू, उर्दू में मो. मिन्हाज आलम और जूलॉजी में वजीहा खुर्शीद को उपाधियां मिलीं.

क्यूआर कोड वाली हाईटेक डिग्री

विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को उन्नत तकनीक से तैयार डिग्रियां प्रदान कर रहा है. डिग्रियों को वाटरप्रूफ और फायरप्रूफ बनाया गया है. फर्जीवाड़े से बचाने के लिए इनमें क्यूआर कोड, वॉटरमार्क और यूवी लोगो जैसे सुरक्षा फीचर शामिल किए गए हैं. डिग्री पर विद्यार्थी का नाम और शैक्षणिक सत्र भी स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा.

सुरक्षा के थे कड़े इंतजाम

दीक्षांत समारोह के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. सुरक्षा के मद्देनजर सभागार के भीतर मोबाइल फोन, बैग और किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया था.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही