Shambhu Kumar
Chaibasa : झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन, चाईबासा शाखा के चुनाव में अध्यक्ष पद पर प्रदीप ओलिवर मिंज व सचिव पद पर अभय कुमार महतो ने जीत दर्ज की है. चुनाव परिणाम मंगलवार सुबह मतगणना पूरी होने के बाद घोषित किया गया. अध्यक्ष पद पर प्रदीप ओलिवर मिंज ने 465 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी किशुन मुर्मु (373 मत) को 92 मतों से पराजित किया. हवलदार पासिंग दिग्गी को 152 मत मिले.
सचिव पद पर अभय कुमार महतो ने 309 मत हासिल कर तारा चंद्र महतो (217 मत) को 92 मतों से हराया. अजय कुमार महतो को 255 मत मिले. इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद पर फेलिस केरकेट्टा ने 425 मत प्राप्त कर सचिन सौरभ टोपनो (395 मत) को 30 मतों से पराजित किया. संयुक्त सचिव पद पर अनूप लकड़ा ने नीरज कुमार पांडेय को 388 मतों के अंतर से हराया. कोषाध्यक्ष पद पर सुरेश चंद्र मांझी ने 510 मत प्राप्त कर सुखदेव उरांव (408 मत) को 92 मतों से पराजित किया.
केंद्रीय सदस्य पद पर सोनू कुमार सिंह ने 423 मत हासिल कर हजरत अंसारी (331 मत) को 92 मतों से हराया. अंकेक्षक पद पर मनोरंजन चौबे ने 555 मत प्राप्त कर सुखलाल सोरेन (266 मत) को 289 मतों के अंतर से पराजित किया. चुनाव के लिए सोमवार को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान हुआ था. कुल 1,147 मतदाताओं में से 1,005 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
मतगणना सोमवार रात करीब 10 बजे शुरू हुई और मंगलवार सुबह 4 बजे तक चली. चुनाव परिणामों में तीसरे पक्ष के छह उम्मीदवारों ने जीत हासिल की, जबकि पहले पक्ष को केवल कोषाध्यक्ष पद पर सफलता मिली. चुनाव जीतने के बाद चाईबासा पुलिस लाईन में जमकर खुशियां मनाई गईं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment