Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले में जल व भूमि संरक्षण तथा ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित जलछाजन परियोजनाओं का राज्य स्तरीय टीम ने शनिवार को निरीक्षण किया. झारखंड राज्य जलछाजन मिशन, ग्रामीण विकास विभाग की टीम ने बंदगांव प्रखंड के छोटा दामुडीह एवं डोमरा गांव में संचालित विभिन्न जलछाजन कार्यों का स्थल निरीक्षण कर प्रगति और उपयोगिता का जायजा लिया.
इसे भी पढ़ें:
निरीक्षण के दौरान कृषि एवं अभियंत्रण विशेषज्ञ-सह-नोडल पदाधिकारी नारायण कुमार मिश्रा, राज्य स्तरीय जल प्रबंधन विशेषज्ञ कौशलेन्द्र कुमार एवं जीविकोपार्जन विशेषज्ञ अमित कुमार उपस्थित रहे. टीम ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना-दो के तहत जलछाजन विकास घटक से क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षा की.
टीम ने खाई-सह-बंध, जल अवशोषण खाई, क्रमबद्ध समोच्च खाई, पत्थर एवं मिट्टी से निर्मित अवरोधक बांध, तालाब सहित अन्य जलछाजन संरचनाओं का निरीक्षण किया. इन संरचनाओं के निर्माण, उपयोगिता तथा जल संरक्षण और भूमि कटाव रोकने में उनकी भूमिका की जानकारी ली गई.
इस दौरान जलछाजन परियोजना के तहत की जा रही ड्रैगन फ्रूट की खेती का भी अवलोकन किया गया. टीम ने जल संरक्षण के साथ ग्रामीण आजीविका संवर्धन के प्रयासों की सराहना करते हुए परियोजना के बेहतर परिणाम के लिए आवश्यक सुझाव दिए. इस मौके पर जिला परिषद सदस्य, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, प्रखंड प्रमुख, बीडीओ, तकनीकी विशेषज्ञ, अभियंता, सामाजिक एवं जीविकोपार्जन विशेषज्ञ,पंचायत समिति सदस्य, मुखिया, मुंडा व स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

