Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला के चक्रधरपुर की आसनतलिया स्थित मधुसूदन पब्लिक स्कूल में शनिवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डॉ. राधाकृष्णन के व्यक्तित्व, विचारों और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के बारे में बताया गया.
इसे भी पढ़ें:
कार्यक्रम का शुभारंभ मधुसूदन मेमोरियल एजुकेशनल सोसाइटी के सचिव लक्ष्मण महतो, विद्यालय के चेयरमैन बी.के. हिंदवार, प्राचार्य के. नागराजू और उप प्राचार्या आरती कोड़वार ने डॉ. राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया. विद्यालय के परीक्षा नियंत्रक दिनेश चक्रवर्ती, सीसीए संयोजक के.एल. नारायण सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सचिव लक्ष्मण महतो को प्राचार्य के. नागराजू ने उपहार भेंट कर सम्मानित किया. वहीं, चेयरमैन बी.के. हिंदवार एवं कौशल हिंदवार को हेड गर्ल मान्या ने उपहार देकर सम्मानित किया.
प्राचार्य के. नागराजू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. राधाकृष्णन के जीवन एवं शिक्षा के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके चरित्र, संस्कार और भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
सचिव लक्ष्मण महतो ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिक मूल्यों और शिक्षकों के सम्मान का महत्व बताया. कार्यक्रम में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए टीचिंग एबिलिटी टेस्ट आयोजित किया गया. विद्यार्थियों ने शिक्षक की भूमिका निभाते हुए अपने अध्यापन कौशल, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया.
इसके अलावा विद्यार्थियों ने प्रेरणादायक नाटक और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया.उप प्राचार्या आरती कोड़वार ने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम का संचालन कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने किया. हेड बॉय आदित्य प्रकाश ने धन्यवाद ज्ञापन किया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

