Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराइकेला थाना क्षेत्र के छोटा सागजुड़ी गांव के पास गुरुवार शाम हुए सड़क हादसे में एक ही बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान मनोहरपुर थाना क्षेत्र के पुरनापानी गांव निवासी नागेश कंडूलना (20), सुरेश सोय (18) और प्रताप कंडूलना (23) के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें:
हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. बताया जाता है कि तीनों युवक गुरुवार को सागजुड़ी गांव में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता देखने गए थे. प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव पुरनापानी लौट रहे थे.
इसी दौरान छोटा सागजुड़ी गांव के समीप जंगल में एक तीखे मोड़ पर बाइक अनियंत्रित हो गई. अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे करीब पांच फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी. हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद पीछे से आ रहे राहगीरों और ग्रामीणों की नजर घायलों पर पड़ी. इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को गड्ढे से बाहर निकाला और इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

