Search

 
 
 

Ranchi News: रांची में चेन छिनतई गिरोह का खुलासा, चार उचक्के गिरफ्तार

राजधानी रांची में चेन छिनतई और बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है.
 
चेन छिनतई गिरोह के सदस्य गिरफ्तार

Ranchi: राजधानी रांची में चेन छिनतई और बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है. नगड़ी थाना क्षेत्र के दलादली रिंग रोड में हुई चेन छिनतई की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में आरोपियों ने रांची के अलग-अलग इलाकों में 15 से ज्यादा चेन छिनतई और मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है.

रांची की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

जानकारी के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को दलादली रिंग रोड में मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने एक महिला के गले से चेन छीन ली थी. घटना की सूचना मिलते ही दलादली टीओपी प्रभारी ने आसपास के थानों को अलर्ट करते हुए वाहन जांच शुरू कराई.

इसे भी पढ़ें: 

वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-द्वितीय अजय आर्यन के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. तकनीकी सहायता और पूर्व के अपराधियों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर कई स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसके बाद पुलिस ने गिरोह के सदस्यों को दबोच लिया.

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फनी सोनार , मो. फहीम अंसारी, मो. साकिब उर्फ देवा और दीपक सोनार के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पास से छिनी गई सोने की चेन के टुकड़े, चोरी की मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किए गए हैं.

 

पुलिस ने उस दुकानदार को भी गिरफ्तार किया है, जिसके पास आरोपी कथित तौर पर छिनी हुई सोने की चेन बेचते थे. उसके पास से गलाए हुए सोने से बनाए गए आभूषण और नकदी बरामद की गई है.

 

जानकारी के अनुसार, आरोपियों के पास से करीब 26 ग्राम सोने के चेन के टुकड़े और गलाए हुए सोने से बने आभूषण, करीब 240 ग्राम चांदी की 18 चेन, तीन स्मार्टफोन, 44 हजार रुपये नकद, एक पल्सर और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है. इसके अलावा घटना में इस्तेमाल हेलमेट, जूते, कपड़े और वजन मापने का यंत्र भी बरामद किया गया है.

 

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने रांची के अलग-अलग इलाकों में 15 से अधिक चेन छिनतई और बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी इससे पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं.

 

पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ-साथ उनके द्वारा बताई गई अन्य घटनाओं की भी जांच कर रही है. बरामद मोटरसाइकिल और आभूषणों के संबंध में भी पुलिस संबंधित मामलों से मिलान कर रही है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही