Shambhu Kumar
Chakradharpur News : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र की लाइनपार स्थित दुर्गा पंडाल के पास से चोरी हुई पिकअप वाहन को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बरामद वाहन को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है.इसे लेकर सोमवार को मनोहरपुर थाना में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया.
जहां डीएसपी डेविड ए डोडराय, थाना प्रभारी अमील एक्का ने मामले की जानकारी दी.मौके पर डीएसपी ने बताया कि सुंदरगढ़, ओडिशा निवासी दशरथ किसन ने 24 अगस्त को मनोहरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी.
शिकायत में बताया गया था कि उनकी पिकअप वाहन संख्या ओडी14वी-8939 लाइनपार दुर्गा पंडाल के पास से चोरी हो गई है. शिकायत के आधार पर मनोहरपुर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. तकनीकी शाखा की सहायता से पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए मनोहरपुर बस स्टैंड से आरा, बिहार निवासी विनोद सिंह (45), जो वर्तमान में झारसुगुड़ा, ओडिशा में रह रहा था, तथा सुंदरगढ़, ओडिशा निवासी प्रशांत कुमार नायक को गिरफ्तार किया.
पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली. इसके आधार पर आरोपियों की निशानदेही पर कांड्रा टोल ब्रिज के समीप से चोरी की गई पिकअप वाहन बरामद कर जब्त कर ली गई.पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विनोद सिंह का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की घटना में उनकी भूमिका तथा अन्य संभावित मामलों के संबंध में जानकारी जुटा रही है.इस मौके पर थाना प्रभारी अमील एक्का,पुलिस निरीक्षक अमित रोशन कुल्लूएसआई अजय प्रसाद, एसआई नवकिशोर कुड़ादा समेत अन्य जवान मौजूद थे.

