Chakradharpur (Shambhu Kumar): पश्चिमी सिंहभूम जिले चक्रधरपुर की सुदूरवर्ती क्षेत्र होयोहातु पंचायत के कोटसोना गांव में बिजली व पक्की सड़क नहीं रहने से ग्रामीण परेशान है. इस परेशानी पर ग्रामीणों ने बैठक कर नाराजगी जताई. ग्रामीणों ने कहा कि ऊंची पहाड़ी पर कोटसोना गांव चारों ओर घने जंगल से घिरा हुआ है. गांव में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, लेकिन इस ओर न तो प्रशासनिक अधिकारी ध्यान दे रहे हैं, न ही जनप्रतिनिधि.
ग्रामीणों ने बताया कि, गांव में बिजली नहीं रहने से रात में जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है. साथ ही बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है. मोबाइल चार्ज के लिए दूसरे गांव जाना पड़ता है. वहीं गांव में पक्की सड़क नहीं रहने के कारण आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. जिससे हमेशा दुर्घटना का भी खतरा बना रहता है.
इन दिनों रोजाना हो रही बारिश के कारण पूरा रास्ता कीचड़ से भर गया है. सारी परेशानियों को लेकर कई बार स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है. ग्रामीणों ने कहा कि अगर जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है तो चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जाएगा. जिसकी जवाबदेही प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की होगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

