Chatra: चतरा में लंबे समय से लंबित बस पड़ाव निर्माण कार्य अब डीएमएफटी फंड से पूरा किया जाएगा. सरकार की ओर मिली जानकारी के अनुसार, चतरा नगर परिषद क्षेत्र में बस पड़ाव निर्माण के लिए पहले ही प्रशासनिक स्वीकृति दी जा चुकी थी, लेकिन पर्याप्त राशि आवंटित नहीं होने के कारण योजना अधूरी रह गई थी.
जानकारी के अनुसार, 13वें वित्त आयोग के तहत 19 मई 2014 को बस पड़ाव निर्माण के लिए लगभग 4 करोड़ रुपये से अधिक की योजना को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी. हालांकि उस समय केवल 1 करोड़ रुपये का ही आवंटन प्राप्त हुआ, जिसके कारण निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका. इस संबंध में चतरा नगर परिषद की ओर से विभाग को कई बार पत्राचार भी किया गया था.
विभाग के स्तर पर बताया गया कि 13वें और 14वें वित्त आयोग की अवधि समाप्त होने के बाद योजना के शेष कार्यों को पूरा करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है. इसके तहत जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट से राशि उपलब्ध कराकर बस पड़ाव निर्माण कार्य को पूरा करने का निर्णय लिया गया है.
1 मार्च 2021 को उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, डीएमएफटी चतरा की ओर से योजना के शेष कार्यों को पूरा करने के लिए सहमति प्रदान की गई.
साथ ही कार्यपालक पदाधिकारी, चतरा नगर परिषद को बस पड़ाव निर्माण योजना को शीघ्र पूरा कराने के लिए विभागीय स्तर से निर्देश भी दिए गए हैं.
चतरा विधायक जनार्दन पासवान का कहना है कि वर्तमान सरकार में किसी भी प्रकार का विकास कार्य नहीं हो रहा है. उन्होंने बताया कि उपायुक्त स्तर पर डीएमएफटी फंड से बस स्टैंड का निर्माण कार्य पूरा करने पर सहमति बनी थी.
लेकिन जिला प्रशासन की ओर से इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई. उनका आरोप है कि उपायुक्त भी इस बस स्टैंड के निर्माण में रुचि नहीं ले रहे हैं. जबकि इस बीच जिले में कई उपायुक्तों का तबादला भी हो चुका है, फिर भी बस स्टैंड निर्माण का काम अब तक आगे नहीं बढ़ पाया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


