- कार्यालय में दस्तावेज खंगाल रही टीम
Chatra News : चतरा में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) हजारीबाग की टीम ने मंगलवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने सदर अंचल के हल्का-7 के राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद को 15 हजार घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.
सतीश प्रसाद की गिरफ्तारी सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कर्मचारी भवन से हुई. एसीबी की टीम उसके कार्यालय में दस्तावेज और संबंधित अभिलेख खंगालने के बाद उसे अपने साथ हजारीबाग ले गई.
इसे भी पढ़ें
एसीबी, हजारीबाग के एसपी आरिफ इकराम ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि गिद्धौर थाना क्षेत्र के नया खाप निवासी तुलसी यादव ने लिखित शिकायत की थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जमीन का म्यूटेशन कराने के एवज में राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद द्वारा उनसे 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है.
एसपी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने आरोपों का सत्यापन किया. शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और मंगलवार को सतीश प्रसाद को घूस की पहली किस्त 15 हजार लेते रंगे हाथ दबोच लिया.
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम प्रखंड परिसर स्थित आरोपी कर्मचारी के कार्यालय में दस्तावेजों की जांच की. टीम द्वारा कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों, संबंधित अभिलेखों और अन्य कागजातों को खंगाला गया.
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी राजस्व कर्मचारी को अग्रेतर कार्रवाई के लिए हजारीबाग ले गई. एसपी ने बताया कि वहां आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जाएगा. गौरतलब है कि सदर अंचल का हल्का 7 दारियातू और लेम पंचायत का इलाका है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

