Ranchi News: नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति गड़बड़ी से संबंधित सबूत में छेड़छाड़ कर सकते हैं. इसलिए वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने राज्यपाल से कुलपति दिनेश सिंह को तत्काल पद से हटाने का अनुरोध किया है. उन्होंने राज्यपाल से मिलकर इस सिलसिले में ज्ञापन भी दिया है.
राज्यपाल को दिये गये ज्ञापन में कहा गया है कि कुलपति द्वारा की जा रही गड़बड़ी के सिलसिले में मार्च और दिसंबर 2025 में ज्ञापन दिया गया था. उनके द्वारा बरती गयी अनियमितताओं के आलोक में राज्यपाल सचिवालय से जांच का आदेश दिया गया था.
इस आदेश के मद्देनजर वित्त विभाग के द्वारा स्पेशल ऑडिट कराया गया था. इसमें करोड़ों रुपये के गबन और वित्तीय अनिमितता की गड़बड़ी पायी गयी. कुलपति ने परीक्षा संचालन मद में 2.50 करोड़ रुपये अनियमत भुगतान किया. दीक्षांत समारोह में 79.35 लाख रुपये बजट प्रस्तावित था. लेकिन राज्यपाल सचिवालय से इसपर सहमति लिये बिना ही राशि खर्च कर दी गयी.
इसे भी पढ़ें -
डिजिटल बोर्ड के क्रय के लिए 2021-22 में 80 लाख रुपये का आवंटन था. इसे पीएल खाते में रखा गया था. इस राशि का इस्तेमाल कुलपति ने अपने ही स्तर से कर लिया. नियमानुसार पीएल खाते में पड़ी राशि दो साल के बाद खर्च करने के लिए सरकार की अनुमति आवश्यक है.
वित्त मंत्री द्वारा दिये गये ज्ञापन में कहा गया कि स्पेशल ऑडिट रिपोर्ट में मिली तथ्यों के आधार पर कुलपति का वित्तीय और प्रशासनिक आदेश जब्त कर लिया गया है. इसके बावजूद वह अपनी प्रशासनिक शक्तियों का इस्तेमाल कर रहे हैं. इसलिए उन्हें तत्काल पद से हटाया जाना जरूरी है. पद से नहीं हटाये जाने की स्थिति में कुलपति द्वारा वित्तीय अनियमितता और गबन से संबंधित सबूतों में छेड़छाड़ किये जाने की आशंका है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

