Bihar Desk : यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) और जेडीयू का नाम बदलकर जनता दल नीतीश करने को लेकर चल रही चर्चा के बीच जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह और अशोक चौधरी मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास पर पहुंचे. इस मुलाकात के बाद बिहार की सियासत में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. सबसे ज्यादा चर्चा जदयू के नाम में बदलाव को लेकर है.
18 सितंबर को जदयू की बड़ी बैठक
जदयू ने 18 सितंबर को बड़ी बैठक बुलाई है. इसी दिन पार्टी के विधानमंडल दल की बैठक भी होगी. माना जा रहा है कि इस बैठक में यूसीसी को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा हो सकती है. इसके अलावा पार्टी के नाम में बदलाव को लेकर भी कोई फैसला लिया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें
UCC पर जदयू का रुख अलग
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से एनडीए शासित 21 राज्यों में यूसीसी लागू करने की बात कहे जाने के बाद राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है. इस मुद्दे पर जदयू का रुख फिलहाल अन्य सहयोगी दलों से अलग नजर आ रहा है.
जदयू का कहना है कि यूसीसी को लेकर पार्टी पहले अमित शाह से बातचीत करेगी. पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सोमवार को भी कहा था कि इस मुद्दे पर अमित शाह से मुलाकात कर चर्चा की जाएगी.
अब सबकी नजरें 18 सितंबर को होने वाली जदयू की बैठक पर टिकी हैं. इस बैठक में पार्टी यूसीसी और संगठन से जुड़े मुद्दों पर क्या फैसला लेती है, यह साफ हो जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

