- चतरा के दीपक को स्मार्ट बोरवेल पाइप कटर नवाचार के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित
- इंस्पायर अवॉर्ड में चतरा के दीपक ने राष्ट्रीय स्तर पर टॉप-60 में जगह बनाई
- 12वीं राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता में जिले का नाम रोशन किया
Chatra News: प्रतिभा किसी बड़े शहर या संसाधनों की मोहताज नहीं होती है, उसे बस जरूरत पहचान और सही मंच मिलने की होती है. इस बात को चतरा जिले के गिद्धौर प्रखंड स्थित गंगा स्मारक उच्च विद्यालय के छात्र दीपक कुमार ने साबित कर दिखाया है. राष्ट्रीय इंस्पायर अवॉर्ड के तहत आयोजित 12वीं राष्ट्र स्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता में दीपक ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-60 राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों में जगह बनाई है.
इसे भी पढ़ें:
पहली बार टॉप थ्री में पहुंचा झारखंड
नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 से 14 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दीपक कुमार ने स्मार्ट बोरवेल पाइप कटर से संबंधित अपना नवाचार प्रस्तुत किया. जिसके बल पर उनके इस अभिनव विचार को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली. केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने दीपक को सम्मानित किया.
सीमित संसाधनों के बीच अपनी सोच, मेहनत और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के दम पर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचना दीपक की प्रतिभा और लगन को दर्शाता है. इसी प्रतियोगिता में झारखंड ने भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की. आर्मी स्कूल, रामगढ़ के पूरव जैन ने रजत पदक जीतकर राज्य को पहली बार इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष तीन में स्थान दिलाया.
यह उपलब्धि झारखंड के विद्यार्थियों की बढ़ती वैज्ञानिक सोच और नवाचार क्षमता का प्रमाण है. माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजेश प्रसाद और इंस्पायर अवॉर्ड मानक की राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी नीलम आईलीन टोप्पो ने विजेताओं को बधाई देते हुए राज्य स्तर पर सम्मानित करने की घोषणा की है.
दीपक की उपलब्धि बनी प्रेरणा
दीपक की सफलता चतरा के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है. दीपक की सफलता पर चतरा के जिला शिक्षा अधीक्षक, झारखंड शिक्षा परियोजना कर्मी मनोज विश्वकर्मा समेत जनप्रतिनिधियो, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शिक्षा प्रेमियों ने बधाई दी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

