Search

 
 
 

Chatra News : हाइवा के धक्के से सीआरपीएफ जवान की मौत पर फूटा गुस्सा, चतरा-सिमरिया मार्ग 20 घंटे से जाम

पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि हजारीबाग की खदानों से कोयला लेकर हाइवा चतरा की सड़कों से क्यों गुजरते हैं. कहा कि  सीसीएल व एनटीपीसी चतरा की जनता को बलि का बकरा समझ रही हैं.
 
सड़क जाम करते ग्रामीण.
  • कोयला ढुलाई बंद करने की मांग पर अड़े ग्रामीण
  • हजारीबाग का कोयला चतरा की सड़कों से नहीं जाने देंगेः सत्यानंद भोक्ता

Chatra : हाइवा की चपेट में आकर सीआरपीएफ जवान लक्ष्मण कुमार यादव की मौत के बाद चतरा जिले में कोयला ढुलाई को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. सिमरिया थाना क्षेत्र के देल्हो घाटी में कोयला खाली कर लौट रहे हाइवा के धक्के से घायल जवान लक्ष्मण कुमार यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई. इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने चतरा-सिमरिया सड़क को जाम कर दिया.

 


 करीब 20 घंटे से जारी जाम के कारण चतरा-हजारीबाग तथा चतरा-टंडवा-रांची मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप है. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई हैं. ग्रामीण मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई और चतरा की सड़कों से हजारीबाग के कोयले की ढुलाई पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं.


लोगों का कहना है कि इस सड़क पर कोयला लोड सैकड़ों हाइवा प्रतिदिन आवागमन करते हैं. तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग व अनियंत्रित परिचालन के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन, सीसीएल, एनटीपीसी व अन्य संबंधित कंपनियां प्रभावी कदम नहीं उठा रही हैं. पहले भी कई लोग कोयला लदे वाहनों की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं.


आंदोलन को समर्थन में पहुंचे राजद के वरिष्ठ नेता सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि हजारीबाग की खदानों से कोयला लेकर हाइवा चतरा की सड़कों से क्यों गुजरते हैं. कहा कि  सीसीएल व एनटीपीसी चतरा की जनता को बलि का बकरा समझ रही हैं. जिला प्रशासन भी मूकदर्शक बना हुआ है. किसी भी कीमत पर पब्लिक रोड से कोयले की ढुलाई नहीं होने देंगे. इसके लिए जिस स्तर तक लड़ाई लड़नी पड़ेगी, लड़ेंगे.


झामुमो के पूर्व सिमरिया विधानसभा प्रत्याशी मनोज चंद्रा ने कहा कि लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं में निर्दोष लोगों की जान जा रही है. अब जनता चुप नहीं बैठेगी. जब तक चतरा की सड़कों से कोयला ढुलाई बंद नहीं होगी और स्थायी समाधान नहीं निकलेगा, आंदोलन जारी रहेगा. इधर, मृत जवान के परिजनों ने भी कोयला ढुलाई पूरी तरह बंद करने की मांग दोहराई है.


इधर, सिमरिया बीडीओ चन्द्रदेव प्रसाद, सीओ गौरव रॉय व थाना प्रभारी सूर्यप्रताप सिंह ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने के प्रयास में जुटे हैं. ग्रामीण भी अपनी मांगों पर अड़े रहे. विगत करीब 20 घंटे सड़क जाम है. प्रशासन ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर जाम हटाने के लिए प्रयासरत हैं.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही