- ग्रामीणों ने दो बार चंदा जुटाकर संवारी सड़क
- सिस्टम की बेरुखी ने फिर बना दिया गड्ढों का जाल
Chatra News : जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत लेम्ह पंचायत के मरमदिरी गांव के बढ़ई टोला की सड़क इन दिनों बदहाली की ऐसी तस्वीर पेश कर रही है, जो विकास के दावों पर सवाल खड़े करती है. करीब तीन किलोमीटर लंबी यह सड़क जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है. सड़क की हालत इतनी खराब है कि ग्रामीणों को पैदल चलना मुश्किल हो गया है.

बारिश के कारण सड़क कीचड़-कीचड़
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की बदहाली को देखते हुए गांव के लोगों ने दो बार चंदा जुटाकर इसकी मरम्मत कराई. मिट्टी, मोरम और अन्य सामग्रियों से गड्ढों को भरकर सड़क को थोड़ा चलने लायक बनाया. किन बारिश और लगातार वाहनों की आवाजाही के कारण कुछ ही समय बाद सड़क फिर से बदहाल हो गई.

जगह-जगह जमा है पानी
सड़क की खराब स्थिति का सबसे अधिक असर मरीजों, बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों पर पड़ रहा है. बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है. इससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है.
इसे भी पढ़ें
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण और मरम्मत की जिम्मेदारी सरकार और संबंधित विभाग की है. इसके बावजूद उन्हें बार-बार अपनी जेब से पैसे खर्च कर सड़क की मरम्मत कराने को मजबूर होना पड़ रहा है. ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कब तक गांव के लोग चंदा जुटाकर सरकारी सड़क को चलने लायक बनाते रहेंगे?
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मामले में तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है. उन्होंने करीब तीन किलोमीटर लंबी सड़क का स्थायी निर्माण और सुदृढ़ीकरण कराने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी ना हो और दुर्घटनाओं का खतरा कम हो.

