Chatra News : चतरा जिले के लावालौंग में 12 साल की बच्ची के साथ यौन शोषण और उसके गर्भवती होने के मामले में बाल कल्याण समिति और पुलिस ने संज्ञान लिया है. खबर प्रसारित होने के बाद चतरा एसपी अनिमेष नैथानी व एसडीपीओ सन्नी वर्धन के निर्देश पर सोमवार को सीडब्ल्यूसी, सदर व महिला थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और बच्ची और उसके परिजनों से मामले की जानकारी ली.
इसे भी पढ़ें
इधर, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मनीष लाल ने बच्ची के गर्भवती होने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि रक्तस्राव और दर्द की शिकायत के बाद बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. मामले की जानकारी पुलिस को भी लिखित रूप से दी गई है.
वहीं सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष नर्मदेश्वर सिंह ने बताया कि बच्ची और उसके माता-पिता की काउंसलिंग की गई है. परिजन आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तैयार हैं. बच्ची और उसके माता-पिता के बयान के आधार पर सदर थाना में एफआईआर दर्ज की जा रही है, जिसे बाद में लावालौंग थाना स्थानांतरित किया जाएगा. उपलब्ध तथ्यों और बच्ची के बयान के आधार पर पॉस्को के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
गांव के ही युवक नें किया था यौन शोषण
जानकारी के अनुसार, बच्ची ने पूछताछ में गांव के ही एक युवक का नाम पुलिस को बताया है. आरोप है कि युवक ने बहला-फुसलाकर प्रेम जाल में फंसाकर बच्ची का यौन शोषण किया. बाद में गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर उसने बच्ची को गर्भपात की दवा दे दी. दवा खाने के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई. रक्तस्राव और दर्द की शिकायत पर परिजनों ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया था.
डॉ मनीष लाल, उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, चतरा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

