Search

 
 
 

Chatra News : नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 391 पेटी शराब जब्त

Chatra News: उत्पाद अधीक्षक प्रेम प्रकाश उरांव ने बताया कि दिलीप यादव उर्फ करण यादव के घर में नकली अंग्रेजी शराब तैयार किए जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई.
 
जब्त शराब के साथ टीम.
  • ब्रांडेड बोतलों में नकली शराब भरकर त्योहार में खपाने की थी तैयारी

Chatra News : उत्पाद विभाग ने दशहरा से पहले चतरा में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. उत्पाद विभाग व पुलिस की टीम ने बिहार की सीमा से सटे वशिष्ठनगर थाना क्षेत्र के औरवा-होसिल जंगल में संचालित नकली विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया. टीम ने छापेमारी कर करीब 50 लाख रुपये मूल्य की नकली अंग्रेजी शराब और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली भारी मात्रा में सामग्री बरामद की है. शराब जब्त करते हुए अवैध फैक्ट्री को ध्वस्त कर दिया गया.

 

इसे भी पढ़ें


यह जानकारी उत्पाद अधीक्षक प्रेम प्रकाश उरांव ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी. उन्होंने बताया कि दिलीप यादव उर्फ करण यादव के घर में नकली अंग्रेजी शराब तैयार किए जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई. उन्होंने बताया कि तस्कर स्पिरिट में कैरेमल व एसेंस मिलाकर नकली शराब तैयार करते थे. इसके बाद उसे रॉयल स्टेज, रॉयल चैलेंज व आइकॉनिक वाइट जैसे ब्रांडों की बोतलों में भरकर नकली लेबल और होलोग्राम लगाते थे. तैयार शराब को आगामी त्योहारों के दौरान बिहार समेत अन्य राज्यों में खपाने की तैयारी थी.

 

उत्पाद अधीक्षक नें बताया कि छापेमारी में 391 पेटी बोतलबंद शराब बरामद हुई है. इसमें 9,888 बोतलों में करीब 3,500 लीटर नकली शराब है. इसके अलावा 39 गैलन में करीब 1,600 लीटर स्पिरिट, करीब 2,000 लीटर तैयार रंगीन शराब, 40 लीटर कैरेमल, बड़ी संख्या में ब्रांडेड लेबल, होलोग्राम, ढक्कन, एडहैसिव व खाली बोतलें बरामद की गईं. बोतलों की पंचिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली तीन मशीनें भी जब्त की गईं.


उन्होंने बताया कि छापेमारी टीम के पहुंचते ही तस्कर फरार हो गए. मामले में दिलीप यादव, अरुण कुमार तिवारी व मिथिलेश कुमार यादव समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा. छापेमारी टीम में उत्पाद अवर निरीक्षक अभिषेक आनंद, अनूप प्रकाश व पुलिस के जवान शामिल थे.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही