Chatra : जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में सदर थाना क्षेत्र के शेरघाटू नाला के पास से एक युवक को 1.080 किलो अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार युवक की पहचान प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सिंदुरिया निवासी अखिलेश कुमार (20 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्टील केन में अवैध अफीम लेकर व्यापार करने के उद्देश्य से जा रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शेरघाटू नाला के पास छापेमारी की.
पुलिस को देखकर युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन सशस्त्र बल के जवानों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया. उसके पास से एक स्टील केन बरामद किया गया. तलाशी लेने पर उससे अफीम मिला. बरामद अफीम का वजन करीब 1 किलो 80 ग्राम बताया गया है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसके पिता देवराज यादव भी अवैध अफीम के कारोबार में संलिप्त हैं और पूर्व में इस मामले में जेल जा चुके हैं.
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. छापेमारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस पदाधिकारी पियूष प्रसून एवं थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

