Chatra News: सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर लापरवाही का मामला सामने आया है. बेहतर इलाज की उम्मीद में अस्पताल पहुंचे एक माह के मासूम की शुक्रवार की शाम मौत हो गई.
परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक द्वारा हजारीबाग रेफर किये जाने के बावजूद बच्चे को समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई. करीब दो घंटे तक इंतजार के बाद मासूम ने दम तोड़ दिया. घटना शुक्रवार शाम करीब छह बजे की है.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार प्रतापपुर प्रखंड के हारा गांव निवासी छत्तीस भारती अपने एक माह के पुत्र रूपेश कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे. ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया.
परिजनों का आरोप है कि काफी इंतजार के बाद भी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं करायी गई. इसी दौरान बच्चे की मौत हो गई. परिजनों के अनुसार बच्चे की मौत के बाद शव को घर ले जाने के लिए एंबुलेंस उपलब्ध करा दी गई.
अस्पताल उपाधीक्षक डॉ मनीष लाल ने बताया कि बच्चे की स्थिति काफी नाजुक (क्रिटिकल) थी. एंबुलेंस उपलब्ध थी, लेकिन बच्चे को पहले स्टेबल किया जा रहा था. अंबु बैग के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. एंबुलेंस नहीं मिलने के आरोप गलत है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

