Search

 
 
 

CM ने शहीद आरक्षी सुनील धान के परिजनों को 2.66 करोड़ की सहायता राशि दी

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड जगुआर (एसटीएफ) के शहीद आरक्षी सुनील धान के परिजनों ने मुलाकात की.
 

Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड जगुआर (एसटीएफ) के शहीद आरक्षी सुनील धान के परिजनों ने मुलाकात की. मौके पर मुख्यमंत्री ने शहीद आरक्षी सुनील धान के परिजनों को सम्मान राशि के रूप में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत निर्गत 1 करोड़ 20 लाख रुपए की वित्तीय सहायता राशि का चेक सौंपा.

 

वहीं गृह विभाग द्वारा 1 करोड़ 46 लाख 26 हजार 972 रुपए की राशि उनके बैंक अकाउंट में क्रेडिट किए गए. मुख्यमंत्री ने शहीद जवान के परिजनों से सहानुभूति पूर्वक बात-चीत की तथा उनकी पारिवारिक स्थिति की जानकारी ली.

 

 

राज्य सरकार शहीद के परिजनों के साथ सदैव खड़ी है

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहीद के परिजनों के साथ सदैव खड़ी है.उन्होंने कहा कि आरक्षी सुनील धान जी ने राज्यवासियों की सेवा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है, उनकी शहादत को नमन करते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार एक शहीद परिवार की पीड़ा को गहराई से समझती है. झारखंड हमेशा अपने शहीदों का ऋणी रहेगा.

 

 

शहीद की पत्नी से अनुकंपा पर नौकरी करने का किया आग्रह

 

मुख्यमंत्री ने शहीद आरक्षी सुनील धान की पत्नी से कहा कि राज्य सरकार के प्रावधान के तहत आप चाहें तो अनुकंपा पर सरकारी नौकरी कर सकती हैं. शहीद की पत्नी ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनके बच्चे अभी काफी छोटे हैं. आने वाले दिनों में वे नौकरी करने के संबंध में विचार करेंगी.

 

हिम्मत और धैर्य के साथ आगे बढ़ें, सरकार आपके साथ

 

मुख्यमंत्री ने शहीद की पत्नी से कहा कि आप सभी परिजन हिम्मत और धैर्य के साथ आगे बढ़ें, राज्य सरकार सदैव आपके दुःख-सुख में साथ खड़ी रहेगी. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहीद के परिजनों को मिलने वाले सभी प्रकार का लाभ उन्हें शीघ्र प्रदान किए जाए. पेंशन सहित अन्य लाभ से परिजनों को जोड़ें. मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने अवगत कराया कि पेंशन राशि दिए जाने से संबंधित प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. अगले महीने से संबंधित परिजनों को पेंशन राशि मिलना प्रारंभ हो जाएगा और  अन्य लाभ दिए जाने संबंधित सभी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही