Ranchi News: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मंगलवार को रांची जिला दुर्गा पूजा समिति और रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने कांके रोड स्थित आवासीय कार्यालय में मुलाकात की. इस दौरान सदस्यों ने मुख्यमंत्री को चुनरी व मां दुर्गा की प्रतिमा भेंट कर आगामी शारदीय नवरात्रि पर सपरिवार पूजा पंडालों के भ्रमण और महाआरती में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया.
इसे भी पढ़ें:
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने परंपरा के साथ पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए समितियों से इको-फ्रेंडली तरीके से मूर्ति विसर्जन करने की अपील की, ताकि जलाशयों को प्रदूषण से बचाया जा सके. इसके साथ ही उन्होंने पूजा पंडालों में 'नशामुक्त झारखंड' का संदेश देने वाले होर्डिंग्स-बैनर लगाने और अनाउंसमेंट के जरिए युवाओं को जागरूक करने का सुझाव दिया, जिस पर समिति के सदस्यों ने पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया.
प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के सकारात्मक सहयोग के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि समय पूर्व बैठकों से समस्याओं का त्वरित समाधान हुआ है. वहीं, मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन को निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था, बिजली, पानी, सफाई और ट्रैफिक प्रबंधन पूरी तरह चाक-चौबंद रहे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

