Search

 
 
 

CM हेमंत ने 262 कर्मियों को दिया नियुक्ति पत्र, कहा - गलती हो तो सुधारें, जिम्मेदारी से न भागें

रांची के प्रोजेक्ट भवन में बुधवार को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गई.
 

Ranchi: रांची के प्रोजेक्ट भवन में बुधवार को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गई.

 

इस अवसर पर कुल 262 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया. इनमें 151 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर, 56 फूड सेफ्टी ऑफिसर, 29 सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर और 26 फाइनेंस मैनेजर शामिल हैं. मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने कुछ अभ्यर्थियों को सांकेतिक रूप से मंच पर नियुक्ति पत्र सौंपा.

 

Uploaded Image

 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि आज से वे सरकार का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गए हैं. उन्होंने कहा कि राज्य के विकास और लोगों को बेहतर सेवाएं देने के लिए योग्य मानव संसाधन की जरूरत होती है. इसी सोच के साथ सरकार लगातार विभिन्न विभागों में नियुक्तियां कर रही है.

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पतालों के बेहतर संचालन में हॉस्पिटल मैनेजर और फाइनेंस मैनेजर की भूमिका भी डॉक्टरों जितनी महत्वपूर्ण है. उन्होंने सभी कर्मियों को याद दिलाया कि उन्हें मिलने वाला वेतन जनता के पैसे से दिया जाता है, इसलिए सभी को पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए.

 

कहा कि लोगों की उम्मीदें डॉक्टरों से बहुत अधिक होती हैं. मरीज और उनके परिवार डॉक्टरों को भगवान का रूप मानते हैं. ऐसे में सभी स्वास्थ्यकर्मियों को संवेदनशीलता और समर्पण के साथ काम करना चाहिए.

 

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को और मजबूत बनाने के लिए नए कर्मचारियों को देश के बड़े अस्पतालों और प्रमुख चिकित्सा संस्थानों के अध्ययन दौरे पर भेजने का सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि इससे उन्हें बेहतर प्रबंधन और कार्य प्रणाली सीखने का अवसर मिलेगा.

 

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह दिन राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है. उन्होंने बताया कि 151 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति से दूर-दराज के इलाकों में भी बेहतर इलाज उपलब्ध होगा. वहीं 56 नए खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की नियुक्ति से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निगरानी मजबूत होगी.

 

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में लगभग 1200 डॉक्टरों और 7500 एएनएम-जीएनएम कर्मियों की नियुक्ति भी की जाएगी. साथ ही 13 हजार अतिरिक्त स्वास्थ्यकर्मियों की जरूरत का आकलन किया जा रहा है.

 

अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि नए खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की जिम्मेदारी लोगों तक सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री पहुंचाना है. वहीं विशेषज्ञ डॉक्टरों से उन्होंने जिला और अनुमंडल अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने और मरीजों को अनावश्यक रूप से बड़े अस्पतालों में रेफर नहीं करने की अपील की.

 

समारोह के दौरान नैना नायक, मोहम्मद एहसान आलम, डॉ. मोहम्मद अरशद अंसारी, डॉ. अलका कुल्लू, रेशमा बानो, अभिषेक शर्मा समेत कई अभ्यर्थियों को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही